क्रिकेट टूर्नामेंट में बैटिंग करता खिलाड़ी।
बहराइच। इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंगलवार को स्वर्गीय कुशमेंद्र सिंह राणा की स्मृति में आयोजित ग्लैमरस टाइप प्रीमियर लीग का रोमांचक मुकाबला खेला गया। इसमें बहराइच नवाब टीम को हराकर बहराइच योद्धा टीम की शानदार जीत हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. विकास मिश्रा नें दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच का शुभारंभ किया।
बहराइच योद्धा टीम के कप्तान आयुष्मान पांडे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बहराइच नवाब की टीम ने निर्धारित 22 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 171 रन बनाए। टीम की ओर से शाद अहमद ने शानदार 54 रन बनाए, जबकि ताहा आबिदी ने 32 रनों का योगदान दिया। योद्धा की ओर से कप्तान आयुष्मान पांडे ने तीन विकेट लिए, वहीं रेहान ने दो विकेट हासिल किए।
172 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बहराइच योद्धा की टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। अमन पासवान ने 59 रनों की आकर्षक पारी खेली, जबकि कुलदीप पांडे ने नाबाद 54 रन बनाए। नवाब की ओर से ताहा ने दो विकेट, जबकि सम्राट और संभव ने एक-एक विकेट लिया। योद्धा की टीम ने 17वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर छह विकेट से मुकाबला जीत लिया।
बेहतर प्रदर्शन के लिए अमन पासवान को मैन ऑफ द मैच और शाद अहमद को इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अंपायरिंग आतिफ खान और अखिल अहमद ने की। स्कोरर यश चौरसिया रहे और आंखों देखा हाल आदिल जमीर ने सुनाया। इस मौके पर सुनील राय, रामानंद सिंह, शानू खान, विजय शंकर, देवाशीष राय, आयुष चित्रांश, कार्तिकेय सिंह, आशुतोष कैराती, सारिक सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।