बहराइच -लखनऊ राजमार्ग पर शुक्रवार की सुबह लगभग तीन बजे आगे जा रही एक कार के अचानक मुड़ने भाजपा विधायक सुरेश्वर सिंह की गाड़ी पलट गई। हादसे में विधायक की पुत्रवधु समेत छह लोग घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए मेडिकल कालेज बहराइच लाया गया। जहां एक की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। हादसे की जानकारी होते ही डीएम, सीएमओ और सीएमएस मेडिकल कालेज पहुंचे और घायलों का कुशल क्षेम जाना।
जानकारी के अनुसार भाजपा के महसी विधायक सुरेश्वर सिंह के चचेरे भाई अवधेश सिंह के परिवार में किसी का निधन हो गया था। जिसकी जानकारी होने पर अवधेश सिंह, उनकी पत्नी जिला पंचायत सदस्य शकुंतला सिंह, विधायक की पुत्रवधु अनुराधा सिंह (32), कुलदीप(20) सवार थे। वहीं वाहन अशोक कुमार (35) चला रहा था।
बताया जाता है की बहराइच - लखनऊ राजमार्ग पर ऐनी टोल प्लाजा के पास पीछे से किसी वाहन ने टक्कर मार दी। जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और कई पलटाव लेते हुए मार्ग किनारे खाई में पलट गया। हादसे में सभी घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे फखरपुर थाना प्रभारी वेद प्रकाश शर्मा ने सभी घायलों को एम्बुलेंस से मेडिकल कालेज बहराइच भेजवाया। वहीं हादसे की जानकारी होने पर डीएम डॉ दिनेश चंद्र, सीएमओ एसके सिंह, सीओ सिटी राजीव सिसौदिया पहले ही मेडिकल कालेज पहुंच गए। वहीं इमरजेंसी में समर्थकों की भी भरी भीड़ जमा हो गई। इलाज के दौरान अवधेश सिंह की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उन्हें ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। वहीं शेष घायलों का इलाज जारी है।