दौलतपुर निवासी जमालुद्दीन गांव से कुछ दूरी पर पंचर बनाने की दुकान चलाते हैं। बुधवार दोपहर उनका बेटा जाहिद (14) घर से खाना लेकर दुकान पर पहुंचा था। पिता को खाना देने के बाद वह वहीं बैठ गया। इसी दौरान दुकान के पास रखी हवा भरने वाली टंकी में अचानक तेज धमाका हो गया। इसकी चपेट में आने से जाहिद गंभीर रूप से घायल हो गया।
धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के लोग किसी अनहोनी की आशंका में घरों से बाहर निकल आए। लोग एक-दूसरे से धमाके के बारे में पूछताछ करने लगे। उधर, परिजन घायल जाहिद को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी ब्रह्मा गोंड ने बताया कि पृथम दृष्टया जांच में टंकी में प्रेशर अधिक होने से विस्फोट का पता चला है, घटना की जांच की जा रही है।