महराजगंज में प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान हुए रामगोपाल मिश्रा के निर्मम हत्याकांड के बाद बुधवार को एक बार फिर दो समुदाय आमने सामने आए और जमकर ईंट-पत्थर चले। इस दौरान कुछ वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए और लोग महराजगंज की घटना के बाद हुए आगजनी को लेकर सहम गए। घटना का कारण पुलिस जहां शराब के दौरान हुए विवाद को बता रही है तो वहीं क्षेत्र में महराजगंज घटना के दौरान हुई आगजनी को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
हरदी थाना क्षेत्र के सधुवापुर गांव में बुधवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर दो समुदाय आमने सामने हो गए। इस दौरान दोनो पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चले। मारपीट व पथराव के दौरान दोनो पक्षों से इमरान(22), साकरून (30), कालिया (18), गुलशन (16) व सर्वेश कुमार (35) घायल हो गए। विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनो पक्षों को इलाज के लिए सीएचसी महसी पहुंचाया। विवाद के दौरान पीड़ित सर्वेश कुमार के चार पहिया वाहन का सीसा भी टूट गया।
महराजगंज घटना को लेकर विवाद होने की चर्चाएं गर्म
सधुवापुर गांव में बुधवार को अचानक दो पक्षों के आमने सामने आने व पथराव के साथ हुई मारपीट को बीते 13 अक्तूबर को हुए महराजगंज हिंसा व रामगोपाल मिश्रा हत्याकांड से जोड़ा जा रहा है और क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। अगर चर्चाओं की माने तो महराजगंज घटना के दौरान सधुवापुर में भी हिंसा भड़की थी और आगजनी हुई थी। इसी आगजनी को लेकर बुधवार को विवाद हुआ और वाहनों को तोड़ने के साथ-साथ जमकर पत्थरबाजी की गई।