पयागपुर( बहराइच ) थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत चरनियाकोट में एक महिला की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कब्र से शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। मामला 19 दिसम्बर 2025 को हुई 25 वर्षीय महिला की मौत से जुड़ा है।
थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि मृतका आसिया पत्नी रफीक की मौत के बाद परिजनों द्वारा उसे दफना दिया गया था। हालांकि, घटना के करीब 10 दिन बाद मृतका के मायके पक्ष ने प्रताड़ना और दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए 2 जनवरी 2026 को थाना पयागपुर में मुकदमा दर्ज कराया।
मृतका के पिता बाराती निवासी ग्राम शिशवा, थाना गिलौला, जनपद श्रावस्ती ने पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री की शादी लगभग तीन वर्ष पूर्व रफीक के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही उसका पति आए दिन मारपीट करता था और दहेज की मांग करता था। आरोप है कि दहेज न मिलने पर उसकी पुत्री की हत्या कर दी गई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने बुधवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कब्र से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच गंभीरता से की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।