बहराइच। ब्लॉक हुजूूरपुर की ग्राम पंचायत भाठी कुंडा के सभागार में शुक्रवार को निशुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करते हुए दवाएं भी वितरित कीं। शिविर में आने वाले दंपतियों को परिवार नियोजन के संबंध में जानकारी देते हुए किट भी वितरित की गई।
शिविर में सीएचसी अधीक्षक अंकुर आभास श्रीवास्तव के नेतृत्व में मरीजों के स्वास्थ्य की जांच की गई। इस अवसर पर काफी संख्या में कोल्ड डायरिया, निमोनिया व जुकाम के मरीज सामने आए। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अंकुर ने सभी मरीजों का इलाज करते हुए उन्हें निशुल्क दवाएं वितरित कीं। साथ ही उन्होंने मरीजों को ठंड से बचने व विशेष रूप से छोटे बच्चों का ध्यान रखने के संबंध में विशेष जानकारियां प्रदान कीं।
साथ ही लगभग दो दर्जन मरीजों की ब्लड प्रेेशर व शुगर की जांच भी की गई। संस्था के पदाधिकारियों ने शिविर में आने वाले दंपतियों को परिवार नियोजन के लाभ बताते हुए परिवार सीमित रखने के प्रति जागरूक किया। इस अवसर पर काजल श्रीवास्तव, सुधांशु, रूपेंद्र, पूजा व मनीष के अलावा क्षेत्रीय एएनएम, सीएचओ आदि मौजूद रहे।