बहराइच। जिले के लोगों को जल्द ही इंटरसिटी ट्रेन की सौगात मिलने वाली है। यह ट्रेन जल्द ही बनारस के लिए दौड़ेगी। इसके लिए तैयारी कर ली गई है। वहीं, गोरखपुर व लखनऊ रूट पर भी पैसेंजर ट्रेन चलाने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। हरी झंडी मिलते ही इस ट्रेन का संचालन भी शुरू हो जाएगा।
गोंडा से बहराइच रूट पर इस समय पैसेंजर ट्रेन तीन बार अप-डाउन कर रही है। इस रूट को आगे बढ़ाने के लिए गोंडा में बीते दिनों यार्ड का काम शुरू किया गया था जिसके चलते ट्रेनें बंद कर दी गईं थीं। गोंडा में यार्ड का कार्य पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन तो शुरू हो गया था, लेकिन कोई खास सौगात नहीं मिली। अब यात्रियों की सुविधा के लिए बहराइच से बनारस तक इंटरसिटी चलाने का निर्णय लिया गया है। रेलवे ने अभी तारीख का ऐलान नहीं किया है, लेकिन तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं।
यातायात निरीक्षक सीएम त्रिपाठी ने बताया कि बहराइच से बनारस के लिए इंटरसिटी ट्रेन का संचालन किया जाएगा, लेकिन अभी तारीख का निर्धारण नहीं हो सका है। तारीख की घोषणा होने के बाद ट्रेन का संचालन शुरू हो जाएगा। हालांकि, तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। हरी झंडी मिलते ही ट्रेनों का संचालन शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बहराइच से गोरखपुर व लखनऊ के लिए पैसेंजर ट्रेन चलाने को लेकर प्रस्ताव भेजा जा चुका है। मंजूरी मिलते ही ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इस ट्रेन के संचालन को लेकर भी तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं।