बहराइच। किसानों को आसानी से खाद उपलब्ध कराने व इसके अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिला कृषि अधिकारी के नेतृत्व में कृषि विभाग व एसएसबी की संयुक्त टीम ने सीमा क्षेत्र में ताबड़तोड़ छापे मारे। टीम मिहींपुरवा तहसील के बॉर्डर पर स्थित बलईगांव की बीज की दुकानों पर पहुंची। यहां दो दुकानदार बीज के नाम पर खाद बेचते पाए गये। दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई हैं। वहीं, चार दुकानदारों टीम देखकर दुकान छोड़ दी। इनके लाइसेंस निरस्त किए गये हैं।
भारत सरकार की ओर से सीमा के पांच किलोमीटर के दायरे में खाद बिक्री पर रोक है। इसके बावजूद कई दुकानदार बीज के लाइसेंस पर खाद का अवैध कारोबार करते हैं। ऐसे दुकानदारों को सबक सिखाने के लिए मंगलवार को जिला कृषि अधिकारी सतीश पांडेय के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। इस दौरान लल्लन प्रसाद गुप्ता की बीज की दुकान से 97 बोरी अवैध यूरिया, डीएपी व एसएसपी बरामद हुई। बीज विक्रेता रिंकू कुमार की दुकान से 40 बोरी अवैध खाद बरामद हुई। दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई। वहीं, टीम को देखकर अनीस बीज भंडार, बाबा कृषि बीज भंडार, अमन बीज भंडार व अंश बीज भंडार के संचालक दुकान छोड़कर भाग गये। जिला कृषि अधिकारी ने सभी के बीज लाइसेंस निरस्त कर दिए हैं।
मिहींपुरवा स्थित ज्योति खाद भंडार व रोहित खाद भंडार पर खाद बिक्री में अनियमितता की शिकायत हुई थी। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि छापे के दौरान दोनों दुकानों की जांच की गई, लेकिन विक्रेता उचित कागजात उपलब्ध नहीं करवा पाए। दोनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। तय समय में दोनों सूचना उपलब्ध नहीं करवा पाए तो लाइसेंस निरस्त किए जाएंगे।