फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दो-दो विधायक फिर भी नहीं सुधारी सड़क

विज्ञापन
विज्ञापन
बहराइच। पयागपुर के पैतोरा मोड़ से लेकर मोहनपुर माफी तक जाने वाला पयागपुर-राजापुर मार्ग जिले की सबसे खस्ताहाल सड़कों में से एक है। आश्चर्य इस बात का है कि 13 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर दो विधानसभा क्षेत्र पड़ते हैं। दोनों विधायक सत्ता पक्ष के हैं और दोनों इस सड़क पर चलते भी हैं। इसके बावजूद न तो सड़क की मरम्मत हो पा रही है और न ही नई सड़क बन पा रही है। आलम यह है कि आम जनता का इस सड़क पर चलना दूभर हो गया है। यह सड़क गड्ढा मुक्ति अभियान में भी शामिल थी, लेकिन फिर भी कुछ नहीं हुआ।
विज्ञापन

13 किलोमीटर लंबा यह मार्ग पयागपुर मार्केट से शुरू होता है। भूपगंज मार्केट, कोट बाजार मार्केट व सत्संग नगर कॉलोनी जैसे बड़े बाजार इसी सड़क पर पड़ते हैं। इसके बाद काशीजोत, गंगापुर, राजापुर, मोहनपुर आदि ग्राम सभाएं भी इसी मार्ग पर पड़ती हैं। यह मार्ग खुटेहना-हुजूरपुर से जुड़ा है। इस वजह से हजारों की संख्या में वाहन हर दिन निकलते हैं। कई विद्यालय, रेलवे स्टेशन, डायट, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, खाद-बीज गोदाम, पुराना तहसील आदि भी इसी मार्ग पर पड़ते हैं। पयागपुर मार्केट से गंगापुर क्षेत्र तक का मार्ग पयागपुर विधानसभा क्षेत्र में आता है और राजापुर से खुटेहना-हुजूरपुर तक बहराइच सदर विधानसभा क्षेत्र में आता है। दोनों क्षेत्रों के विधायकों की वर्तमान में सरकार है।
इसके बावजूद यह मार्ग ठीक नहीं हो पा रहा है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि क्षेत्रीय विधायक स्वयं इसी मार्ग से निकलते हैं, लेकिन सड़क बनवाने की पैरवी नहीं कर पा रहे हैं। कई बार लोगों ने सड़क के पुनरुद्धार को लेकर आवाज उठाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। लोकनिर्माण विभाग भी इस मार्ग को तरजीह नहीं दे पा रहा है।
विज्ञापन

विगत विधानसभा सत्र के दौरान पयागपुर विधायक सुभाष त्रिपाठी ने नियम 51 के तहत इस सड़क की बदतर स्थिति से सदन को अवगत कराया था। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने सड़क के लेपन के लिए प्रस्ताव बनाकर उच्चाधिकारियों को भेजा है। अब तक लेपन करने को लेकर हरी झंडी नहीं मिल पाई है।
पयागपुर-राजापुर मार्ग पीएमजीएसवाई की सड़क थी। पांच वर्ष पहले इस सड़क का निर्माण हुआ था। अब यह सड़क लोक निर्माण विभाग के खाते में आ गई है। अब इस सड़क की संपूर्ण जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी के हवाले है। पयागपुर-राजापुर मार्ग क्षेत्र की सबसे महत्वपूर्ण आंतरिक सड़क मानी जाती है।
सड़क कार्ययोजना में आ गई है, लेकिन अभी प्रदेश में कहीं भी कार्ययोजना में शामिल सड़कों के पुनरुद्धार के लिए धन जारी नहीं किया गया है। जैसे ही धन जारी होता है, सबसे पहले इसी सड़क का काम होगा। पूरी सड़क का विधिवत लेपन होगा। उम्मीद है कि एक-दो महीने में कार्य शुरू हो जाएगा। - जीके शुक्ला, अवर अभियंता, लोक निर्माण विभाग
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें