बहराइच। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार की देर शाम निकाय जिला समिति की बैठक हुई। बैठक में डीएम ने बरसात से पूर्व नाले-नालियों की सफाई कराने के साथ जन सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जलापूर्ति व ठोस अपशिष्ट प्रबंधन आदि की व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
15वें वित्त आयोग की संस्तुतियों के तहत निकाय सीमा क्षेत्र में कराये जाने वाले निर्माण कार्य, जलापूर्ति व ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए वाहन उपकरण क्रय करने के प्रस्ताव और स्वच्छ भारत मिशन को धरातल पर लाने को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस मौके पर डीएम ने जिले के निकायों को निर्देश देते हुए कहा कि जन सुविधाओं से संबंधित जलापूर्ति, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व स्वच्छ भारत मिशन से संबंधित कार्यों का प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि ग्रीष्म ऋतु को ध्यान में रखते हुए पेयजल सुविधाओं को क्रियाशील रखा जाए।
डीएम ने कहा कि निकाय क्षेत्रों में जलभराव की समस्या न हो, इसके लिए बरसात से पूर्व सभी नाले-नालियों की समुचित सफाई आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करा ली जाए। बैठक में एसपी केशव कुमार चौधरी, एसडीएम कैसरगंज महेश कुमार कैथल, एसडीएम पयागपुर दिनेश कुमार, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट राकेश कुमार मौर्या, नगर पंचायत अध्यक्ष तसलीम बानो, अधिशासी अभियंता, लोकनिर्माण एके वर्मा, ईओ, नगर पालिका, दुर्गेश्वर त्रिपाठी, जेई नेहा खान, ईओ, रिसिया, शैलेंद्र कुमार मिश्रा आदि मौजूद रहे।