बहराइच। एआरटीओ की ओर से नगर में डग्गामार वाहनों व अवैध वाहन स्टैंडों के विरुद्ध अभियान शनिवार को भी जारी रहा। अभियान के दौरान नगर के तिकोनीबाग चौराहे पर वाहनों की जांच की गई। इस दौरान चार ऑटो का चालान किया गया। 15 वाहन सीज कर दिए गये। एआरटीओ की इस कार्रवाई से डग्गामार वाहन संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
एआरटीओ प्रवर्तन ओपी सिंह के नेतृत्व में शनिवार को तिकोनीबाग चौराहे पर प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस दौरान चार ऑटो ग्रामीण क्षेत्र का परमिट होने के बावजूद शहरी क्षेत्र में संचालित होते मिले। इस पर इनका चालान किया गया। इस अवसर पर वाहनों की फिटनेस व आवश्यक प्रपत्रों की जांच भी की गई। इसमें काफी संख्या में ऑटो व मैक्स वाहन अधोमानक पाए गये। ऐसे 15 वाहन सीज कर दिए गये। एआरटीओ प्रवर्तन ओपी सिंह ने बताया कि अभियान लगातार जारी रहेगा। इस दौरान एआरटीओ प्रशासन राजीव कुमार समेत अन्य कर्मी मौजूद रहे।