पयागपुर (बहराइच)। थाना पयागपुर क्षेत्र के खुटेहना चौकी क्षेत्र में बृहस्पतिवार की देर शाम शौच के लिए गई आठ वर्षीय मासूम के साथ गांव के ही एक किशोर ने बलात्कार किया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी किशोर को हिरासत में ले लिया। उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
खुटेहना के ग्राम धौकलपुरवा दाखिला फरदा सुमेरपुर में बृहस्पतिवार की शाम चार बजे आठ वर्षीय बालिका खेत में शौच के लिए गई थी। यहीं गांव निवासी एक किशोर ने बालिका को धमकाया और पास स्थित गन्ने के खेत में ले जाकर बलात्कार किया। इसके बाद फरार हो गया।
बालिका रोते-बिलखते घर पहुंची। उसने परिजनों को घटना की सूचना दी। आक्रोशित परिजन थाने पहुंचे। यहां गांव निवासी एक किशोर के विरुद्ध परिजनों ने तहरीर दी। परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर पीड़िता का मेडिकल कराते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। आरोपी के नाबालिग होने पर उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।