गायघाट (बहराइच)। गूढ़ गांव में तालाब में नहाने गये बालक को मगरमच्छ खींच ले गया। मगरमच्छ के चंगुल में फंसते ही बालक ने शोर मचाया तो साथ में नहा रहे दो अन्य साथी घबरा गये। साथियों ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते तालाब के पास पहुंचे, लेकिन बालक का कोई पता नहीं लगा। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस और वन विभाग की टीम को दी। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने बालक को ढूंढने के लिए गोताखोरों की टीम लगाई है। काफी प्रयास के बाद भी वह बरामद नहीं हो सका। उधर, इससे नाराज लोगों ने सड़क जाम कर दी, जिससे वाहनों की लाइन लग गई।
मोतीपुर थानाक्षेत्र के गूढ़ गांव निवासी मुंशी का आठ वर्षीय पुत्र महेश शनिवार को गांव के दो अन्य बच्चों के साथ तालाब में नहाने गया था। बताया जाता है कि नहाते समय वह थोड़ा गहरे पानी में चला। तभी तालाब में मौजूद मगरमच्छ ने बालक को दबोच लिया। मगरमच्छ के दबोचते ही बालक चिल्लाने लगा। महेश के चिल्लाते ही साथ में नहा रहे दो साथी घबरा गए और तालाब से निकलकर शोर मचाते हुए बालक के घर पहुंचे और सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते तालाब के पास पहुंचे। जब तक परिजन पहुंचे तब तक बालक लापता हो गया था। ग्रामीणों की सूचना पर मोतीपुर पुलिस व वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। डीएफओ आकाशदीप बधावन ने बताया कि मगरमच्छ द्वारा बालक को खींच ले जाने की सूचना मिली है। वन विभाग की टीम को मौके भेजा गया है। बालक को ढूंढने के लिए गोताखोरों की टीमें लगी हुईं हैं।