कैसरगंज (बहराइच)। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की एमडी अपर्णा उपाध्याय ने शनिवार को कैसरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधीक्षक एनके सिंह से विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की। एमडी ने सीएचसी पर चिकित्सकों व्यवस्थाओं को चुस्त दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
एमडी अपर्णा उपाध्याय ने सीएचसी पर लेबर रूम, पैथालॉजी व ओपीडी का निरीक्षण किया। उन्होंने अधीक्षक डॉ. सिंह को निर्देश दिया कि मरीजों को एनएचएम के तहत मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाएं अवश्य उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने चिकित्सालय में भर्ती मरीजों से भी मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। एमडी ने निरीक्षण के दौरान चिकित्सा केंद्र पर उपलब्ध दवाओं की भी जानकारी ली।
इसके पश्चात उन्होंने हेल्थ वेलनेस सेंटर मदरहा का भी निरीक्षण किया। वहां मौजूद सीएचओ नीलू ने उन्हें वेलनेस सेंटर में मिलने वाली सुविधाओं से अवगत कराया। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि हेल्थ वेलनेस सेंटर की सुविधाओं को और बेहतर बनाया जाए। जिससे ग्रामीण क्षेत्र के अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। इस अवसर पर डीडीपीएम राहुल, डीपीएम सरजू खान, डीसीपीएम मो.राशिद, डीआईओ डॉ.जयंत कुमार, नोडल अधिकारी डॉ. एसके सिंह आदि मौजूद रहे।