बहराइच। लाउडस्पीकर को लेकर चल रहे विवाद को देखते हुए जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। प्रशासन ने बुधवार को पूरे जिले में अभियान चलाकर धार्मिक स्थलों के धर्मगुरुओं से संपर्क कर 150 धर्मस्थलों से लाउडस्पीकर हटवा दिए। मुख्य सचिव (गृह) अवनीश अवस्थी ने धार्मिक स्थलों से अवैध लाउडस्पीकर हटवाने का निर्देश दिया था।
उनके निर्देश के बाद जिला व पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया। बुधवार को जिला व पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर हटवाने के लिए दिनभर अभियान चलाया। प्रशासनिक टीम ने 150 धर्मस्थलों के धर्मगुरुओं से संपर्क किया। इस दौरान टीम ने धर्मगुरुओं को शासन के निर्देश से अवगत कराते हुए मानक के विपरीत धार्मिक स्थलों पर लगाए गए 150 लाउडस्पीकर को शांतिपूर्ण माहौल में हटवा दिया। प्रशासनिक टीम की कार्रवाई से धार्मिक स्थलों के आसपास हलचल की स्थित रही।