बहराइच। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू किया गया। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन दो केंद्रों पर किया जा रहा है। मूल्यांकन कार्य पर निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ ही मूल्यांकन केंद्र पर बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश भी प्रतिबंधित है।
उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में 633 परीक्षकों की तैनाती की गई है। मूल्यांकन कार्य राजकीय इंटर कॉलेज व राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में कराया जा रहा है। बोर्ड की ओर से राजकीय इंटर कॉलेज में 25 प्रधान परीक्षक व 247 परीक्षक तैनात किए गए हैं। इसी प्रकार राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 35 प्रधान परीक्षक व 326 परीक्षक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करेंगे। राजकीय इंटर कॉलेज में 1.20 लाख व राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में एक लाख 55 हजार 449 उत्तर पुस्तिकाएं बोर्ड द्वारा उपलब्ध कराई गई हैं। मूल्यांकन केंद्र के भीतर किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है।
सुरक्षा के लिए पुलिस के जवान भी दोनों केंद्रों के बाहर तैनात कर दिए गए हैं। वहीं, बोर्ड ने अधिकतम कॉपियां जांचने की सीमा भी निर्धारित कर दी है। अब परीक्षक एक दिन में हाईस्कूल की 50 व इंटर की 40 कॉपियों का ही मूल्यांकन कर सकेंगे। उत्तर पुस्तिकाएं सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक ही जांची जाएंगी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. चंद्रपाल ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का कार्य शुरू कर दिया गया है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।