बौंडी (बहराइच)। बौंडी थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत रामगढ़ी के मजरा पाठक पट्टी में शनिवार की दोपहर एक घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। कड़ी मशक्कत कर ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक आग से पांच घर जलकर राख हो गए।
ग्राम पंचायत रामगढ़ी के मजरा पाठक पट्टी में अज्ञात कारणों से एक घर में आग लग गई। आग की लपटों को देखकर आसपास के ग्रामीण आग बुझाने को दौड़े, लेकिन आग पड़ोस के घरों में भी फैल गई। थोड़ी ही देर में गांव के पांच घर लपटों में घिर गए। ग्रामीणों ने कड़ी मेहनत कर आग बुझाई, लेकिन तब तक प्रह्लाद, कनौजी, आनंद, छीटन व भोले का घर जलकर राख हो गया।
पीड़ितों ने बताया कि आग से उनके घर में रखा कपड़ा, अनाज व गृहस्थी का अन्य सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पुलिस आरक्षी मनोज कुमार व पंकज कुमार मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। लेखपाल आनंद सिंह ने बताया कि क्षति का आकलन किया जा रहा है। आकलन के बाद रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी जाएगी।