बहराइच। विधानसभा चुनाव में अपनी सहभागिता व जिम्मेदारी निभाते हुए डीएम डॉ. दिनेश चंद्र सुबह सात बजे ही महिला पीजी कॉलेज मतदान केंद्र पहुंचे। दुल्हन की तरह सजे मॉडल बूथ पर उन्होंने पहले मतदान किया। डीएम ने अपील की कि सभी लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करें और जिले में मतदान प्रतिशत बढ़ाने में पूरा सहयोग करें। जिले में रविवार को लोकतंत्र का महापर्व मनाया गया। महापर्व में सबसे पहले जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया।
उन्होंने शहर के महिला पीजी कॉलेज मतदान केंद्र पर पहुंचकर सुबह सात बजे ही अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान के बाद डीएम व एसपी केशव चौधरी ने मतदाताओं से अपील की कि पूरे उत्साह और उमंग के साथ लोकतंत्र के महापर्व में शामिल हों और अपने मताधिकार का प्रयोग करें। इसके बाद डीएम व एसपी ने कमांड सेंटर का निरीक्षण कर मौजूद अधिकारियों से जानकारी ली। डीएम-एसपी के अलावा जिले के अन्य प्रशासनिक, पुलिस अधिकारी व मतदान व्यवस्था के लिए नियुक्त किए गए जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेट निरंतर भ्रमणशील रहकर मतदान प्रक्रिया का जायजा लेते रहे।