बहराइच। विधानसभा चुनाव सकुशल निपटाने के लिए जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। जिले में मजिस्ट्रेट की 63 टीमें मुस्तैद रहेंगी। हर बूथ पर मुस्तैद आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मतदाताओं की थर्मल स्कैनिंग करेंगी। जिला व पुलिस प्रशासन अवैध धन, शराब व असलहों पर पैनी नजर रखेगा। जिले में रोजाना पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने विधानसभावार मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी है। जिले में बहराइच सदर, पयागपुर, कैसरगंज, नानपारा, महसी, मटेरा व बलहा विधानसभा सीटें है। एक विधानसभा में नौ टीमें मुस्तैद रहेंगी जो तीन शिफ्टों में कार्य करेंगी। सातों विधानसभा सीटों में 63 मजिस्ट्रेट की टीमें मुस्तैद होकर चुनाव को सकुशल निपटाएंगी। कहीं कोई अराजकता न फैले, इसके लिए पुलिस की टीमें भी बूथ पर मुस्तैद रहेंगी। शहर के चौक-चौराहों से लेकर हाईवे तक टीमें अभी से मुस्तैद हैं। वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है।
जिले में एक फरवरी से नामांकन होगा। नामांकन से पहले कलेक्ट्रेट व आसपास के क्षेत्र की बैरिकेडिंग कर दी जाएगी। डीएम तिराहे व केडीसी के पास मुख्य बैरिकेडिंग रहेगी। भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से वर्जित रहेगा। नियमों को तोड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
जिले में अभी प्रमुख राजनीतिक दलों में सिर्फ बसपा ने अपने प्रत्याशी का टिकट घोषित किया है। सपा, कांग्रेस व भाजपा ने अभी तक सूची नहीं जारी की है। टिकट के लिए संभावित प्रत्याशी लगातार लखनऊ व दिल्ली की दौड़ लगा रहे है। चर्चा है कि इसी सप्ताह कुछ पार्टियां अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर देंगी।
डीएम डॉ. दिनेश चंद्र ने बताया कि विधानसभा चुनाव को सकुशल निपटाने के लिए खाका तैयार कर लिया गया है। मतदान के दौरान एक-एक बूथ पर मजिस्ट्रेट द्वारा निगरानी की जाएगी। एसपी केशव चौधरी ने बताया कि विधानसभा चुनाव से पहले जिले को अपराध मुक्त कर दिया जाएगा।