बहराइच। लखनऊ-बहराइच हाईवे पर धनराजपुर मोड़ के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जरवलरोड थाना क्षेत्र के भैयापुरवा मुस्तफाबाद निवासी 24 वर्षीय शिवनाथ प्रसाद पुत्र जवाहरलाल किसी काम से मंगलवार की रात धनराजपुर मोड़ चौराहा गए हुए थे।
बताया जाता है कि वह पैदल ही सड़क के किनारे वापस आ रहे थे। वापसी के दौरान लखनऊ-बहराइच हाईवे पर धनराजपुर मोड़ के पास ट्रक को ओवरटेक कर रहे किसी अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। मौके पर युवक की मौत हो गई। जरवलरोड थानाध्यक्ष राजेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्जकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।