बहराइच। मंगलवार को आई जांच रिपोर्ट में फिर 54 मरीज कोरोना संक्रमित पाए गए हैं, लेकिन सुखद बात यह रही कि मंगलवार को 60 मरीजों ने कोरोना संक्रमण को मात भी दी। वहीं, सभी संक्रमितों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। जिले में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 380 हो गई है। सीएमओ कार्यालय के सूचनाधिकारी बृजेश सिंह ने बताया कि मंगलवार को 2017 लोगों की जांच रिपोर्ट आई जिसमें 54 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
मंगलवार को 60 मरीजों का होम आइसोलेशन पूर्ण हुआ और वे पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्होंने बताया कि सभी संक्रमितों को आवश्यक दवाएं देने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही कोविड कमांड सेंटर से भी संक्रमितों से लगातार समस्याओं के संबंध में जानकारी ली जा रही है। दो मरीज मेडिकल कॉलेज के एल टू में एडमिट हैं। शेष होम आइसोलेशन में हैं। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में 278 बेड खाली हैं।