बहराइच/महसी। जिले के गरीबों में बंटने के लिए आए 9646 कंबल मानक के विपरीत होने के कारण वापस कर दिए गए। नाराज प्रशासन ने पूरा टेंडर ही रद्द कर दिया और कंबल वितरण करने के लिए रिटेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी। आए हुए कंबल करीब 30 लाख के थे। कई स्थानों पर कंबल बंट भी गए थे।
बताया जा रहा है कि ये कंबल पयागपुर, नानपारा, महसी, बहराइच व कैसरगंज तहसील क्षेत्रों के गरीबों में बंटने थे। जब कंबल बंटने लगे तो पाया गया कि ये फटे और पुराने हैं।
प्रकरण की शिकायत जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र से की गई। नाराज जिलाधिकारी ने टेंडर निरस्त कर दिया। कुल 9646 कंबल आए थे। सभी तहसीलों में 1600-1600 कंबल बांटने का निर्णय लिया गया था। कंबल का क्रय जेम पोर्टल के माध्यम से हुआ था। गाजियाबाद की फर्म ने ठेका लिया था। जिलाधिकारी ने बताया कि कंबल वितरण का फिर से टेंडर किया जा रहा है। पुराना टेंडर निरस्त कर दिया गया है।