नानपारा (बहराइच)। स्टेशन रोड स्थित सड़क बीते काफी वर्षों से जर्जर थी। लोगों की मांग पर जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी को मरम्मत के निर्देश दिए थे। अब कार्य शुरू हुआ तो अनियमितताएं बरती जा रही हैं। गुणवत्ताहीन काम से नागरिकों में रोष है।
नानपारा रेलवे स्टेशन से बाजार आने वाली सड़क बीते कई वर्षों से जर्जर थी, जिससे लोगों को इस मार्ग पर आवागमन करने में काफी परेशानियां उठानी पड़ रही थीं। लोग हादसे का शिकार हो रहे थे। नागरिकों की काफी मांग पर जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने लोक निर्माण विभाग को सड़क की मरम्मत के निर्देश दिए थे। इसके बाद सड़क की मरम्मत शुरू हुई, लेकिन स्थानीय लोगों ने कार्य में अनियमितता का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि 30 वर्ष बाद जब सड़क की मरम्मत का समय आया तो गड्ढों पर गिट्टी डालकर ऊपर से तारकोल डाला जा रहा है। कुछ ही समय में यह सड़क फिर से उखड़ने लगेगी। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण मानक के अनुसार करने की मांग की है।