बहराइच। लखीमपुर में किसानों के आंदोलन के दौरान जिले के नानपारा व मटेरा क्षेत्र के दो किसानों की मौत हो गई थी। मंगलवार को सपा ने दोनों किसानों के परिजनों को पांच-पांच लाख की आर्थिक सहायता मुहैया कराई। वहीं एक घायल किसान को भी एक लाख दिए गए हैं। सपा की टीम ने मृत किसानों के घर पहुंचकर उनके परिजनों को आर्थिक सहायता राशि का चेक उपलब्ध कराया।
लखीमपुर में किसान आंदोलन के दौरान जिले के नानपारा व मटेरा क्षेत्र के किसान दलजीत सिंह व गुरविंदर सिंह की मौत हो गई थी। घटना के बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नानपारा व मटेरा मेें मृत किसानों के घर पहुंचकर पीड़ित परिवारों को न्याय का भरोसा दिलाते हुए पार्टी की ओर से आर्थिक मदद देने की घोषणा की थी। राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा के बाद मंगलवार को लखीमपुर जिले के सपा जिलाध्यक्ष रामपाल यादव, बहराइच के जिलाध्यक्ष रामहर्ष यादव व सपा नेता सरदार कुलदीप सिंह भुल्लर की अगुवाई मेें सपाइयों की टीम ने मटेरा व नानपारा में मृत किसानों से परिजनों से मुलाकात की।
इस दौरान टीम ने मृत किसान दलजीत सिंह की पत्नी परमजीत कौर को पांच लाख व किसान गुरविंदर सिंह के पिता को भी पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी। सपा जिलाध्यक्ष रामहर्ष ने बताया कि दोनों शहीद किसानों के परिजनों को राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर सहायता मुहैया कराई गई है। उन्होंने बताया कि आंदोलन मेें घायल किसान हरविंदर सिंह को भी एक लाख की मदद दी गई है। इस मौके पर पूर्व विधायक दिलीप वर्मा, रमेश गौतम, रामजी यादव, मीडिया प्रभारी अर्जुन गुप्ता, राजेश चौधरी, मुन्ना मारिया, रफी मोहम्मद आदि मौजूद रहे।