बहराइच/रिसिया। रिसिया थाना क्षेत्र के गोदनी बसाही गांव में स्थित सरिया मिल में हुए क्रेन हादसे में हुई दो मजदूरों की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मृतक के परिजनों ने मिल मालिकों समेत अन्य लोगों पर मजदूरों की पिटाई कर हत्या का आरोप लगाया है। दोनों मजदूरों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद यह तय होगा कि शरीर पर लगी चोट क्रेन गिरने से आई है अथवा पिटाई से। उसके बाद पुलिस अपनी जांच आगे बढ़ाएगी।
रिसिया थाना क्षेत्र के गोदनी बसाही गांव में स्थित सरिया मिल में मजदूरों की मौत का मामला संदिग्ध हो गया है। मिल प्रबंधन की ओर इस घटना का कारण क्रेन टूटना बताया गया है। वहीं मृतक के परिजनों ने पिटाई से हुई मौत की बात कहकर मुकदमा दर्ज कराया है। थाने में दर्ज एफआईआर में चश्मदीद बने एक मजदूर ने बताया है कि मृतक मजदूर संजय एक सप्ताह पहले मैनेजर से तीन महीने का बकाया वेतन मांग रहा था। यह बात मैनेजर को नागवार गुजरी थी।
इसी बात को लेकर मंगलवार की सुबह मिल मालिक व मैनेजर अपने अन्य साथियों के साथ पहुंचे और राड से मजदूर संजय की पिटाई करने लगे। आरोप है कि मिल मालिक ने अपने साथियों के साथ इतनी पिटाई की कि मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। जब इसका विरोध कुछ अन्य मजदूरों ने किया तो उनको भी सब मिलकर मारने लगे। यह मंजर देखकर आसपास काम कर रहे मजदूर काम छोड़कर भाग खड़े हुए। इस दौरान क्रेन भी आपस में टकरा कर गिर गई। क्रेन के गिरने से मजदूर अनिल, दुर्गेश व मो. हसन घायल हो गए। सभी को क्रेन गिरने का हादसा दिखाकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दौरान संजय की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि राहुल की रास्ते में मौत हुई। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दोनों शवों के पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोट लगने के बाद मौत की बात सामने आ सकती है। उसमें यह अंकित रहेगा कि चोट कैसे व किस प्रकार से लगी है। पुलिस उस पर काम करेगी और यह देखेगी कि मृतक मजदूर के शरीर में आए चोट के निशान क्रेन की चपेट में आने से हो सकती है या पिटाई से। विवेचक की भूमिका इसमें काफी अहम होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मिल में दफन कई राज खुलेंगे।
रिसिया थाना क्षेत्र में हुए सरिया मिल हादसे को लेकर पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है। मामले में हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस को साक्ष्य मिलेगा। इसके बाद भी जांच के दौरान पुलिस कई और साक्ष्य को एकत्र कर कार्रवाई करेगी। जांच में दोषी मिलने पर कोई भी बख्शा नहीं जाएगा। सभी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कुंवर ज्ञानंजय सिंह, एएसपी नगर, बहराइच