बौंडी (बहराइच)। बौंडी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 14 वर्षीय मनोरोगी किशोरी अपनी मां के साथ रहती है। बीते सात सितंबर की दोपहर मां किसी काम से घर से बाहर गई थी और बेटी घर में अकेली थी। इसी बीच गांव का एक युवक घर में घुस आया और उसके साथ दुष्कर्म किया। शाम को जब मां घर वापस आई तो देखा कि बेटी एक किनारे रो रही थी।
बेटी ने मां को फफक-फफक कर पूरी आपबीती सुनाई। तीन दिन तक मां बेटी को न्याय दिलाने के लिए भटकती रही, लेकिन पुलिस ने एक न सुनी। जब पीड़िता ने उच्चाधिकारियों से शिकायत की तब जाकर शुक्रवार को बौंडी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। बौंडी थानाध्यक्ष मनोज कुमार राय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा।