बहराइच। हरियाणा पुलिस ने शुक्रवार को बहराइच के कई स्थानों पर छापा मारा। इस दौरान तीन संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया। नगर कोतवाली में देर रात तक पूछताछ होती रही। हरियाणा पुलिस द्वारा सराफा बाजार के व्यापारी को हिरासत में लेने के बाद अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सराफा व्यवसायी नगर कोतवाली के बाहर जमावड़ा लगाए रहे।
नगर कोतवाली के सराफा बाजार में शुक्रवार की दोपहर हरियाणा पुलिस आ धमकी। हरियाणा पुलिस को देखकर व्यापारियों में हड़कंप मच गया। हरियाणा पुलिस ने कई सराफा व्यवसायियों के यहां छापा मारा। चर्चा है कि तीन संदिग्ध लोगों को पुलिस ने उठाया है। पूरे सराफा बाजार में देर रात तक माहौल गर्म रहा। हर व्यापारी दूसरे व्यापारी से पूरे मामले को जानने के लिए बेताब दिखा।
चर्चा है कि हरियाणा में सोने की बड़ी चोरी के आरोपी को उठाने के लिए हरियाणा पुलिस बहराइच आई है। चर्चा तो यहां तक है कि बहराइच के किसी गांव में मुख्य आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। बेचने वाले दुकानदारों से सामान बरामद के लिए पुलिस लगी हुई है। सीओ सिटी विनय द्विवेदी ने बताया कि हरियाणा पुलिस जिले में आई हुई है। नगर कोतवाली पुलिस का सहयोग भी लिया है, लेकिन पूरा मामला अभी तक जानकारी में नहीं है। तहकीकात पूरी होने के बाद ही कुछ कह पाना संभव होगा।