नवाबगंज (बहराइच)। वाहन चेकिंग के दौरान एसएसबी व पुलिस की संयुक्त टीम को सफलता मिली है। स्मैक की तस्करी करने नेपाल जा रहे बाइक सवार को चेकिंग के दौरान संयुक्त टीम ने स्मैक के साथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों तस्करों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
नवाबगंज थानाध्यक्ष प्रमोद त्रिपाठी, समतलिया चौकी इंचार्ज शिव कुमार यादव व एसएसबी के एएसआई बहादुर सिंह समतलिया के पास बुधवार सुबह वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। चेकिंग के दौरान बाइक पर सवार दो युवक आ रहे थे। जैसे ही बाइक सवार करीब पहुंचे और देखा कि चेकिंग हो रही है वे बाइक मोड़कर भागने लगे। टीम को शक हुआ तो घेराबंदी करते हुए बाइक सवार को रोका और तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों के पास से 80 ग्राम स्मैक बरामद हुई। थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ में दोनों की पहचान जानकी गांव निवासी लवकुश यादव व श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के सागर गांव निवासी राम कुमार गुप्ता उर्फ विनोद के रूप में हुई। थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वे स्मैक बेचने नेपाल बेचने जा रहे थे। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय कीमत एक करोड़ रुपये आंकी गई है।