बहराइच। शहर के मुख्य मार्ग पीपल चौराहे पर करीब चार माह से सीवर का गंदा पानी मार्ग पर भर रहा है। राहगीरों को आने-जाने मेें खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। आस-पास के दुकानदारों ने मामले मेें नगर पालिका प्रशासन को पत्र सौंपकर सीवर दुरुस्त कराने की मांग की थी, लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई न होने से अब दुकानदारों मेें गुस्सा पनपने लगा है। दुकानदारों ने धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
शहर स्थित पीपल चौराहा मुख्य बाजार होने के कारण प्रतिदिन काफी भीड़भाड़ बनी रहती है। मार्ग पर स्थित सीवर करीब चार माह पूर्व चोक हो गया था। सीवर चोक होने से सीवर का गंदा बदबूदार पानी मुख्य मार्ग पर भर गया है। मार्ग पर गंदा बदबूदार पानी के एकत्रित होने से मार्ग पर प्रतिदिन निकलने वाले राहगीरों को गंदे पानी से होना गुजरना पड़ता है। पालिका प्रशासन की उदासीनता के चलते पीपल चौराहे व आसपास के दुकानदार दुर्गंधयुक्त पानी के बीच अपना दिन व्यतीत करने को विवश है।
शहर का मुख्य मार्ग होने से यहां से रोजाना जिले के आला अधिकारी गुजरते हैं, लेकिन अधिकारियों का ध्यान सीवर के लीकेज पर नहीं जाता है। मामले मेें दुकानदार नीलेश तिवारी विक्की, सनी अवस्थी, मनीष जायसवाल, जुबेद, विवेक, गुड्डू आदि ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को पत्र सौंपकर चोक सीवर की सफाई कराकर लीकेज को दुरूस्त कराने की मांग की थी। लेकिन इसके बावजूद नगर पालिका प्रशासन सीवर को दुरुस्त नहीं करा रहा है। नगर पालिका की कार्यशैली पर दुकानदारों ने सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई है। सभी ने चेतावनी दी है कि अगर चोक सीवर की सफाई कराकर व्यवस्था दुरुस्त नहीं कराई, तो सभी सड़कों पर उतरकर धरना प्रदर्शन शुरू कर देंगे।