बहराइच। जिले में मंगलवार को टीकाकरण के लिए मेगा शिविर का आयोजन हुआ। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से 65 हजार डोज वैक्सीन मंगवाई गई। सुबह से ही केंद्रों पर लोग वैक्सीन लगवाने के लिए केंद्रों पर पहुंचे। कई जगह वैक्सीन ही कम पड़ गई। इस पर एक केंद्र से दूसरे केंद्र को वैक्सीन भेजी गई। स्वास्थ्य केंद्रों पर वैक्सीनेशन के लिए अफरा-तफरी दिखी। मेगा शिविर में 56 हजार लोग टीकाकरण से लाभान्वित हुए।
जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र के दिशा निर्देशन में मंगलवार को जिले में टीकाकरण मेगा शिविर का आयोजन हुआ। मेगा शिविर में टीकाकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से 65 हजार डोज वैक्सीन लखनऊ से मंगवाई गई थी। प्रभारी जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. जयंत कुमार ने बताया कि कोविशील्ड और कोवैक्सीन की डोज जिला मुख्यालय भेजी गई थी। इसके लिए जिले में 310 बूथ बनाए गए थे। प्रत्येक बूथ पर दो-दो कर्मचारियों को लगाया गया था। टीकाकरण के लिए 14 सीएचसी अधीक्षकों को लगभग चार हजार डोज वैक्सीन भेजी गई। उन्होंने बताया कि सीएचसी, पीएचसी, हेल्थ वेलनेस सेंटर पर सुबह से ही वैक्सीन लगवाने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। लोग वैक्सीन लगवाने के लिए कतार में दिखें। शहर के ट्रामा सेंटर, मेडिकल कालेज में काफी भीड़ दिखी। कई जगह केंद्रों पर वैक्सीन पड़ गई। इस पर वाहन द्वारा एक केंद्र से दूसरे केंद्र को वैक्सीन भेजी गई जिससे केंद्र पहुंचे लोगों का वैक्सीनेशन हो सका। मेगा शिविर में मंगलवार को लगभग 56 हजार लोगों को टीका लगाया गया। पयागपुर टीकाकरण के प्रति जिलेवासियों का हौसला देखते ही बनता है। यह हौसला और संक्रमण के प्रति सुरक्षा इसी तरह बरकरार रहा तो हम सभी मिलकर कोरोना पर अंकुश पा सकेंगे।
हुजूरपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सुबह नौ बजे से वैक्सीनेशन शुरू होना था। इसके लिए काफी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। लेकिन केंद्र पर ताला लगा रहा। इससे लोग लाइन में लगे इंतजार करते रहे। सुबह 11 बजे से वैक्सीनेशन शुरू हो सका।
मोतीपुर तहसील अंतर्गत निद्धीपुरवा केंद्र पर वैक्सीनेशन के लिए सैकड़ों महिलाएं व पुरुष लाइन में लग गईं। लाइन दोपहर एक बजे तक लगी रही। केंद्र पहुंचे लोगों को लगाया गया।
मिहींपुरवा विकास खंड अंतर्गत गंगापुर में वैक्सीन कम पड़ गई। सूचना मिलने पर अधीक्षक डॉ. अनुराग वर्मा ने जालिमनगर से वैक्सीन गंगापुर भेजवाया। वहीं बलई गांव में वैक्सीन कम पड़ने पर 15 किलोमीटर की दूरी तय कर मोहना गांव से भेजा गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उर्रा में लोग गोलाकार के बीच वैक्सीन के लिए खड़े हो गए।
पयागपुर क्षेत्र में अव्यवस्था के बीच वैक्सीनेशन हुआ। कई जगह लोगों को लाइन में लगने के बाद भी वैक्सीन नहीं मिली। इससे स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचे लोगों को काफी परेशानी हुई। सभी स्वास्थ्य विभाग की तैयारी को कोसते रहे।