बहराइच/राजी चौराहा। जिले में शनिवार को हुई मूसलाधार बरसात के साथ आकाशीय बिजली भी गिरी। बिजली गिरने से महसी और जरवल में दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक महिला झुलस गई। वहीं हरदी क्षेत्र में बिजली गिरने से दो मवेशियों की भी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। उधर, कैसरगंज में दो स्थानों पर बिजली गिरने से एक मकान और मंदिर क्षतिग्रस्त हो गया। एक युवक बाल-बाल बच गया। बिजली गिरने की सूचना तहसील प्रशासन को भी पुलिस व ग्रामीणों ने दे दी है। वहीं जिला प्रशासन ने मृतकों के परिजनों और मवेशी मालिकों को अहेतुक सहायता उपलब्ध करा दी है।
जरवलरोड थाना अंतर्गत हरचंदा गांव निवासी किसान इश्तियाक अहमद (38) पुत्र नियाज अहमद शनिवार को सुबह केले के खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान उस पर आकाशीय बिजली गिरी जिससे उसकी मौत हो गई। थाना क्षेत्र के ही बसहिया गांव की चंद्रकला (70) पत्नी सोहन भी बिजली के झटके से गिरकर गंभीर रूप से झुलस गईं।
उन्हें सीएचसी मुस्तफाबाद में भर्ती कराया गया। महसी तहसील के हरदी थाना अंतर्गत गरेठी गुरुदत्त सिंहपुरवा गांव में जगजीत सिंह के खेत में बंधे दो बैलों पर आकाशीय बिजली गिर गई जिससे दोनों मवेशियों की मौत हो गई। उधर, हरदी के ही बैकुंठा गांव निवासी राधेश्याम (60) पातालपुरवा गांव गए थे। वह बाइक से वापस घर लौट रहे थे। तभी अचानक तेज गड़गड़ाहट के साथ आसमान से बिजली गिर पड़ी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। कैसरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम कड़सर बिटौरा निवासी सलमान (35) पुत्र जमील अहमद घर में लेटा था। तभी अचानक बिजली गिर गई। जिससे मकान क्षतिग्रस्त हो गया। वह बाल-बाल बच गया। वहीं, थाना क्षेत्र के ही बैरीमहेशपुर गांव में स्थित मिट्ठनदास बाबा मंदिर के गुंबद पर भी बिजली गिरी जिससे मंदिर क्षतिग्रस्त हो गया। हरदी एसओ भानु प्रताप सिंह व जरवलरोड के एसओ प्रमोद सिंह ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहसील को भी सूचना भेज दी गई है।
बहराइच। जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र ने बताया कि शनिवार को सुबह नौ बजे तहसील कैसरगंज के ग्राम हरचंदा में इश्तियाक अहमद तथा तहसील महसी के ग्राम बैकुंठा में राधेश्याम की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई थी। इसके अलावा तहसील महसी के ग्राम गरेठी गुरुदत्त सिंह में जगजीत सिंह के दो बैलों की भी आकाशीय विद्युत गिरने के कारण मृत्यु हो गई। प्रत्येक मृतकके आश्रितों को 4-4 लाख व पशु स्वामी को 25 हजार रुपये की अनुग्रह धनराशि तत्काल उपलब्ध करा दी गई है।