बहराइच। मेडिकल कॉलेज के पुरुष अस्पताल में मरीजों को बेहतर रिपोर्ट देने के लिए ढाई माह पूर्व अल्ट्रासाउंड मशीन आई थी, लेकिन प्रिंटर अब तक नहीं आ सका है। चिकित्सक हाथ से रिपोर्ट बनाकर मरीजों को दे रहे हैं। अस्पताल के चिकित्सक हाथ से बनी रिपोर्ट देखकर मरीजों को दवा लिख रहे हैं। इससे अस्पताल की व्यवस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है।
जिला मुख्यालय स्थित महर्षि बालार्क जिला अस्पताल के पुरुष वार्ड में अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं थी। स्वास्थ्य अधिकारियों की मांग पर लगभग ढाई माह पूर्व अल्ट्रासाउंड मशीन लगाकर रेडियोलॉजी विभाग में स्थापित कर दिया गया, लेकिन अभी तक प्रिंटर नहीं खरीदा गया है जिससे अल्ट्रासाउंड करने वाले चिकित्सक डॉ. देव कुमार द्वारा मरीजों की जांच के बाद रिपोर्ट हाथ से बनाई जाती है।
इससे मेडिकल कॉलेज प्रशासन की आधुनिक सुविधा का अंदाजा लगाया जा सकता है। मालूम हो कि सरकारी अस्पताल में अधिकतर निम्न व मध्यम वर्ग के लोग इलाज के लिए आते हैं, लेकिन तमाम अव्यवस्थाएं हैं। जिला अस्पताल में बहराइच के अलावा गोंडा, श्रावस्ती, बलरामपुर व नेपाल के लोग इलाज के लिए आते हैं, लेकिन सुविधाओं की कमी दूर नहीं हो रही है। अब अल्ट्रासाउंड है मशीन है तो प्रिंटर ही नहीं है जिससे हाथ से लिखी रिपोर्ट देखकर डॉक्टर दवा लिख रहे हैं।
रेडियोलॉजी विभाग में प्रिंटर नहीं है। जैम पोर्टल द्वारा प्रिंटर खरीदा जाएगा। इसकी मंजूरी मिल गई है। जल्द ही अल्ट्रासाउंड विभाग में प्रिंटर स्थापित कर दिया जाएगा जिससे लोगों को प्रिंटेड अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट मिलेगी।
- डॉ. ओपी पांडेय, सीएमएस