बहराइच। विद्युत विभाग की ओर से शहर मेें विद्युत चोरों के खिलाफ चलाया जा रहा विशेष अभियान सोमवार को भी जारी रहा। इस दौरान देर शाम तक चले अभियान के दौरान टीम ने 4.15 लाख की वसूली करते हुए मौके 34 कनेक्शन काटे। इसके अलावा 27 खराब मीटरों को बदलकर नए मीटर लगाए गए। 11 उपभोक्ताओं के खिलाफ बिजली चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया। विभाग की कार्रवाई से शहर मेें हड़कंप की स्थित मची रही।
शहर के बशीरगंज उपकेंद्र से पोषित 11 केवी हाई लाइन लॉस फीडर के सघन चेकिंग अभियान को लेकर एक्सईएन मुकेश बाबू ने एसडीओ नगर विजय कुमार की अगुवाई मेें सहायक अभियंता मीटर व अवर अभियंता प्रवर्तन दल व अवर अभियंता घंटाघर, सिविल लाइन, बशीरगंज व अस्पताल चौराहा की चार टीमें गठित कर छापा मारने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत टीमों ने शहर के नाजिरपुरा, किला, त्रिमुहानीघाट आदि स्थानों पर छापा मारा। टीम की ओर से मोहल्ले के आवास व अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की विद्युत लाइनों व मीटरों की गहनता से जांच की गई। जांच के दौरान टीम ने मौके पर 27 खराब मीटरों को बदलकर नए मीटर लगवाए। 15 उपभोक्ताओं के विद्युत भार की जांच कराते हुए उनके विद्युत भार बढ़ाए गए। टीम ने 34 बकायेदार उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटे। इस दौरान मौके पर 11 उपभोक्ता अपने मीटर मेें रजिस्टेंस लगाकर व बाईपास आदि व्यवस्था कर विद्युत चोरी करते मिले। विभाग की ओर से सभी 11 उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया। एक्सईएन मुकेश बाबू ने बताया कि शहर के लाइन लॉस वाले इलाकों मेें सघन अभियान चलाया जा रहा है।