बहराइच। मटेरा कला में मंगलवार को दो मासूम सगी बहनें धान की रोपाई करने गए परिवार के साथ चली गई थीं। पास स्थित सरयू नहर के किनारे शौच के दौरान पैर फिसलने से छोटी बहन डूबने लगी। उसे बचाने के लिए बड़ी बहन ने भी नहर में छलांग लगा दी। जिससे दोनों की मौत हो गई। हादसे के बाद घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। पुलिस ने पंचायतनामा के बाद शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
खैरीघाट थाना अंतर्गत मटेरा कला के मजरा कुट्टी निवासी गुल्लू और उसका परिवार मंगलवार को धान की रोपाई करने के लिए गया था। धान की रोपाई करने के लिए जा रहे परिवार के साथ गुल्लू की बेटियां सोनी (8) व रुबा (6) भी चली गईं। नहर किनारे स्थित खेत में परिवार धान की रोपाई में लग गया। तभी छोटी बहन रुबा शौच करने के लिए नहर के पास चली गई। पैर फिसलने से वह नहर में डूबने लगी। छोटी बहन को डूबता देख सोनी ने भी उसे बचाने के लिए नहर में छलांग लगा दी। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया। तब तक दोनों ने दम तोड़ दिया था। मौत से घर में कोहराम मच गया। सूचना पाकर प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह दलबल के साथ पहुंच गए। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। एसओ ने बताया कि शव को पंचायतनामा के बाद परिवार के लोगों को सौंप दिया गया है। राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच करते हुए रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी है।