बहराइच। नानपारा की भाजपा विधायक के गांव जूड़ा में चोरों ने नकब लगाकर लाखों रुपये के सामान व नगदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर सूचना दी है। पुलिस ने मामले की जांच कर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने की बात कही है।
नानपारा कोतवाली क्षेत्र के जूड़ा गांव में भाजपा विधायक माधुरी वर्मा का आवास व गोशाला है। यहां विधायक का आना-जाना लगा रहता है। गांव निवासी बाबूराम पुत्र नेबूलाल अपने परिवार के साथ रविवार रात खाना खाकर सोए हुए थे। रात में चोर दीवार में सेंध लगाकर घर में घुस गए और घर में रखे तीन लाख रुपये नगद व सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर फरार हो गए। रात में गश्त करने का दावा करने वाली पुलिस को भनक तक न लगी। सोमवार सुबह जब पीड़ित की आंखें खुलीं तो देखा कि घर में चारों ओर कपड़े बिखरे पड़े थे। बक्शे में रखी नगदी व जेवरात गायब थे। घटना की सूचना पीड़ित ने कोतवाली में दी। नानपारा कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।