बहराइच। भाजपा के महसी विधायक को फोन पर हत्या करने की धमकी मिली है। धमकी देने वाले ने 24 घंटे के अंदर हत्या करने की धमकी दी है। कॉल करने वाले ने बताया है कि उसे हत्या करने की सुपारी मिली है। वह मौका पाते ही हत्या कर देगा। धमकी भरी कॉल की सूचना विधायक ने अपर मुख्य सचिव, डीएम व एसपी को दी है। विधायक की हत्या करने की धमकी की सूचना पर जिले से लेकर राजधानी तक हड़कंप मचा हुआ है। विधायक ने जल्द से जल्द खुलासा करने की मांग की है। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के काजीपुरा मोहल्ला निवासी सुरेश्वर सिंह महसी विधानसभा से भाजपा विधायक हैं। यह जिले में काफी कद्दावर नेता माने जाते हैं। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के भी बहुत करीबी माने जाते हैं। विधायक ने बताया कि रविवार की रात लगभग 10:31 पर नेट कॉल आई और धमकी देते हुए कहा कि मुझे तुम्हारी हत्या करने की सुपारी मिली है। मैं 24 घंटे के अंदर तुम्हारी हत्या कर दूंगा। विधायक ने जब पूछा कि किसने सुपारी दी है और क्यों दी है तो उसने बताया कि मैं तुम्हारी हत्या कर दूंगा। यह क्यों बताऊं कि किसने सुपारी दी है।
नेट कॉल से धमकी भरा फोन आने के बाद विधायक ने तत्काल डीएम-एसपी व अपर मुख्य सचिव गृह को घटना की जानकारी दी। भाजपा विधायक के हत्या की धमकी मिलने पर जिले से लेकर राजधानी तक हड़कंप मचा हुआ है। नगर कोतवाल मधुपनाथ मिश्रा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। एसपी के सीयूजी नंबर पर कॉल कर जानकारी ली गई तो बताया गया कि एसपी क्षेत्र भ्रमण पर है। बाद में बात हो पाएगी।
विधायक सुरेश्वर सिंह ने बताया कि रात में नेट कॉल से धमकी भरा फोन आने पर एसपी सुजाता सिंह को रविवार रात 10:47 पर सूचना दी गई, लेकिन एसपी ने सोमवार देर शाम तक फोन करके कोई सूचना नहीं दी कि मुकदमा दर्ज हुआ कि नहीं। कोई टीम लगाई गई या नहीं। कब तक खुलासा होगा। एसपी द्वारा कोई जानकारी नहीं दी गई।
महसी विधायक सुरेश्वर सिंह द्वारा फोन पर सूचना दी गई थी। मामला संज्ञान में आने के बाद एसपी से वार्ता कर मुकदमा दर्ज कराकर कार्रवाई की बात की गई है। एसपी ने बताया है कि नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
डॉ. दिनेश चंद्र, डीएम, बहराइच