बहराइच। ब्लॉक प्रमुख पद के चुनाव के लिए शनिवार को सात ब्लॉक मुख्यालयों पर सुबह 11 बजे से मतदान शुरू होगा। भाजपा और सपा के बीच सीधी टक्कर होने के आसार बने हुए हैं। बीडीसी को अपने पाले में लाने के लिए प्रत्याशियों ने जोड़तोड़ शुरू कर दिया है।
जिले के 14 विकास खंडों में से सात विकास खंडों में ब्लॉक प्रमुख पद पर भाजपा के प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित हो गए हैं। निर्विरोध निर्वाचन होने के बाद अब कैसरगंज, महसी, जरवल, फखरपुर, तेजवापुर, शिवपुर और विशेश्वरगंज ब्लॉक में सुबह 11 बजे से मतदान की कार्रवाई शुरू हो जाएगी जिसे देखते हुए प्रत्याशियों ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों को अपने पाले में लाने के लिए गठजोड़ शुरू कर दिया है। जरवल में भाजपा प्रत्याशी विपेंद्र सिंह व सपा प्रत्याशी कृष्णा देवी के बीच सीधी टक्कर होगी तो वहीं महसी में विधायक सुरेश्वर सिंह की भाभी कृष्णावती और सपा प्रत्याशी जग्गूलाल के बीच टक्कर की उम्मीद है। इसी तरह फखरपुर में एक निर्दल प्रत्याशी के नाम वापस लेने के बाद पूर्व मंत्री मयंकर सिंह की बहू व बीजेपी प्रत्याशी मंजू सिंह और निर्दलीय प्रत्याशीरेनू सिंह के बीच मुकाबला होगा।
इसी तरह विकास खंड तेजवापुर में भी एक नाम वापसी के बाद भाजपा प्रत्याशी ममता अवस्थी और सपा प्रत्याशी मीना दीक्षित के बीच कड़ा मुकाबला होना तय है। वहीं शिवपुर में दो निर्दलीय प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया है। जिसके बाद भाजपा प्रत्याशी सरिता यज्ञसैनी व सपा प्रत्याशी अर्चना मौर्या, विकास खंड विशेश्वरगंज में भाजपा प्रत्याशी वंदना पांडेय और निर्दल राना अविरल सिंह के बीच मुकाबला होगा। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने शुक्रवार की देर शाम बैठक कर सभी अधिकारियों को प्रमुख चुनाव को कड़ी सुरक्षा के बीच कराने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने क्षेत्र पंचायत सदस्यों से बिना प्रलोभन और दबाव के मतदान करने की अपील भी की है।