बहराइच। जिले में ब्लॉक प्रमुख के सात पदों पर भाजपा का कब्जा हो गया है। पांच ब्लॉकों में पहले ही निर्विरोध निर्वाचन तय हो गया था। वहीं, दो ब्लॉकों में सपा और निर्दल प्रत्याशी के नाम वापसी के बाद बीजेपी की राह साफ हो गई। हालांकि, सात अन्य ब्लॉकों में अभी कड़ी टक्कर होनी बाकी है।
पंचायत चुनाव निपटने के बाद से ही ब्लॉक प्रमुख चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की तैयारियां शुरू हो गई थीं। भाजपा ने जिले के 14 विकास खंडों में ब्लॉक प्रमुख पद के प्रत्याशी उतारे थे जबकि सपा ने सात विकास खंडों में ही प्रत्याशी घोषित किए थे जिसमें बलहा से सपा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह ने शुक्रवार को नाम वापसी के लिए आवेदन किया। वहीं, पयागपुर से निर्दल प्रत्याशी कुसुमा देवी ने नाम वापस ले लिया जिसके बाद स्थिति साफ हो गई। भाजपा प्रत्याशी अभिषेक वर्मा सौरभ को मिहींपुरवा, अजीत प्रताप सिंह को हुजूरपुर, रीना जायसवाल को रिसिया, जेपी सिंह को नवाबगंज, गीता देवी को पयागपुर, हरीराम आर्या को चित्तौरा और विजय वर्मा को बलहा से निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। शुक्रवार को सभी विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर दिए गए। इसी के साथ भाजपा खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम करन टेकड़ीवाल ने इसे भाजपा की नीतियों और विकास की दिशा में जनता के विश्वास की जीत बताया है।