बिछिया/बौंडी। पानी के बीच से घर जा रही 12 वर्षीय बालिका पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। ग्रामीणों ने किसी तरह बालिका को छुड़ाया। इलाज के बाद घर भेज दिया गया है। वहीं खैरीपुरवा गांव में खेत जा रहे किसान पर मगरमच्छ ने हमला कर दिया। गंभीर हालत में उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से मोतीपुर सीएचसी रेफर किया गया है। वनकर्मियों ने मौके का मुआयना किया है।
बौंडी थाना क्षेत्र के घरेहरा नकदिलपुर के मजरा कुट्टी बाग में सुबह 10 बजे 12 वर्षीय बालिका पानी के बीच से होकर घर आ रही थी। इसी दौरान सड़क मार्ग पर भरे पानी में बैठे मगरमच्छ ने हमला कर दिया। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण दौड़े। सभी ने बालिका को छुड़ाया। प्राथमिक उपचार के बाद बालिका को घर भेज दिया गया है। उधर कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के सुजौली रेंज अंतर्गत खैरीपुरवा गांव निवासी लक्ष्मण 50 पुत्र शिवनरायन किसान है। मंगलवार को वह टिलवा में स्थित मेंथा आयल की टंकी पर जा रहा था। रास्ते में पड़ने वाले नाले में पहुंचा। तभी मगरमच्छ ने उसे नोंच लिया। किसान के दायें और बायें पैर में गंभीर जख्म हैं। किसान के आवाज लगाने पर आसपास के लोगों ने दौड़कर उसे मगरमच्छ से छुड़ाया। इसके बाद उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजौली पहुंचाकर भर्ती कराया गया। यहां हालत गंभीर होने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोतीपुर रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना रेंज कार्यालय पर दी गई। वन क्षेत्राधिकारी प्रमोद श्रीवास्तव, वन रक्षक अंगद यादव मौके पर पहुंचे। वन क्षेत्राधिकारी ने प्रार्थना पत्र मिलने पर मदद का आश्वासन दिया है।