बहराइच। उच्च प्राथमिक विद्यालय बभनपुरवा के प्रधानाध्यापक के खिलाफ शिकायत की जांच के दौरान खेल किट समेत अन्य मद में लाखों के गबन की पुष्टि हुई। रिपोर्ट मिलने के बाद बीएसए ने शिक्षक को निलंबित कर दिया है।
विकास खंड कैसरगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत गोड़हिया नंबर एक के उच्च प्राथमिक विद्यालय बभनपुरवा में शिक्षक महेश शर्मा प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे। गांव निवासी सुनीता पाठक ने स्कूल को दी गई धनराशि में धांधली की शिकायत की थी। शिकायत मिलने पर बीएसए उदयराज ने बीईओ मिहींपुरवा को जांच सौंपी थी। बीएसए ने बताया कि जांच के लिए दो सदस्यीय समिति गठित की गई थी। समिति ने वर्ष 2018-19 और 2019-20 में कंपोजिट ग्रांट के लिए भेजे गए 25-25 हजार रुपये का कोई लेखा-जोखा न होने की रिपोर्ट दी। वहीं, स्पोर्ट्स ग्रांट के दस हजार रुपये समेत सुरक्षा शपथ आदि के लिए दिए गए पैसे का भी कोई बिल नहीं मिला। बीएसए ने बताया कि शिक्षक को जांच रिपोर्ट के बाद निलंबित कर दिया गया है।