बहराइच। बीमार बेटे को लेकर बस परिचालक की शिकायत करने गए कोतवाली में पिटाई करने वाले कोतवाल व एसआई ने मामले को बढ़ता देख धरना-प्रदर्शन कर रहे लेखपालों से सार्वजनिक माफी मांगी। एसडीएम व सीओ के हस्तक्षेप के बाद कोतवाल के माफी मांगने से पीड़ित लेखपाल व संगठन के लोगों का आक्रोश शांत हुआ और देर शाम धरना-प्रदर्शन समाप्त हुआ।
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के तहसील मंत्री शिव कुमार यादव अपने बेटे की तबियत खराब होने पर शुक्रवार को मुख्यालय चिकित्सक को दिखाने आए थे। वापसी में कैसरगंज में उतरने के दौरान बस परिचालक ने लेखपाल से अभद्रता कर दी थी। इससे नाराज होकर वह बेटे को साथ लेकर कोतवाली कैसरगंज गए थे।
आरोप था कि कोतवाल संजय गुप्ता व एसआई ने मिलकर लेखपाल की पिटाई कर दी। जिससे नाराज संगठन के लोगों ने तहसील मुख्यालय पर कोतवाल के खिलाफ धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया था। तहसील अध्यक्ष पवन चौहान ने बताया कि एसडीएम महेश कुमार कैथल व सीओ कैसरगंज ने दोनों के बीच मध्यस्थता की बात रखी। लेखपाल ने सार्वजनिक तौर पर माफी मांगने की बात कही। तहसील अध्यक्ष ने बताया कि कोतवाल व एसआई ने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। उसके बाद धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया।
सोशल मीडिया पर लेखपाल के साथ कोतवाली में अभद्रता करने का दो वीडियो वायरल हो रहा है। जिसमें दावा किया जा रहा है कि कोतवाल व एसआई लेखपाल से अभद्रता कर रहे हैं। वीडियो में कोतवाल का गुस्सा भी साफ दिखाई पड़ रहा है।