बिछिया (बहराइच)। चहलवा गांव के निकट स्थित नदी के किनारे एक ग्रामीण सोमवार को मवेशियों को नहला रहा था। इसी दौरान पैर फिसलने से ग्रामीण पानी में बह गया। ग्रामीण को बहता देख युवक ने बचाने की कोशिश की तो युवक भी डूबने लगा। शोर सुनकर दौड़ी महिलाओं ने युवक को बचा लिया। लेकिन ग्रामीण का पता नहीं चल सका है। ग्रामीण की तलाश में पुलिस के साथ स्थानीय गोताखोर लगे हुए हैं।
तराई में लगातार हो रही बारिश से नदी और तलाब में पानी बढ़ गया है। नदियों के साथ तालाब में पानी ऊपर आ गया है। सुजौली थाना क्षेत्र के चहलवा गांव निवासी श्रीराम (48) पुत्र हरिवंश गांव के निकट बह रही घाघरा नदी में सोमवार को भैंस को नहला रहे थे। इसी दौरान तेज धारा में श्रीराम बह गया। श्रीराम को बहता देख गांव निवासी रोहित ग्रामीण को बचाने दौड़ा, लेकिन रोहित भी डूबने लगा। शोर सुनकर आसपास मौजूद महिलाएं दोनों को बचाने के लिए नदी में गईं। महिलाओं की एकजुटता से रोहित की जान बच गई। लेकिन श्रीराम का कोई पता नहीं चल रहा है।
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रीतम निषाद ने पुलिस को सूचना दी। साथ ही एसडीओ दीपक कुमार से बैराज के गेट को बंद करने की मांग की। लेकिन एसडीओ ने बैराज का गेट नहीं बंद किया। जिससे पानी का तेज बहाव जारी है। सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई है। थानाध्यक्ष ओपी चौहान का कहना है कि पुलिस के साथ स्थानीय गोताखोर श्रीराम की तलाश कर रहे हैं। लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका पता नहीं चला है। शायद ग्रामीण पानी के तेज धारा में बह गया है।