राजीचौराहा (बहराइच)। बरौलिया गांव में तीन भाइयों के बीच हो रहे जमीन विवाद की सूचना पर पुलिस पहुंची। दोनों पक्षों को उठाकर थाने ले जाते समय मामला बिगड़ गया और पुलिस टीम पर हमला हो गया। हमले में दरोगा समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस टीम पर हमले की सूचना पर थाने की फोर्स ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया। घायल दरोगा की तहरीर पर छह नामजद व आठ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस टीम पर हमले के बाद दो भाई फरार हो गए हैं। पुलिस फरार लोगों को पकड़ने के लिए दबिश दे रही है।
हरदी थाना क्षेत्र के बरौलिया गांव में मालती प्रसाद, भगवती व पारसनाथ तीन भाई साथ रहते हैं। तीनों के बीच जमीनी विवाद को लेकर आए दिन विवाद होता था। सोमवार को भी जमीन विवाद को लेकर भाइयों में कहासुनी शुरू हुई। बात इतनी बढ़ गई कि सब एक-दूसरे को मारने पीटने पर आमादा हो गए। मामले को बढ़ता देख मालती प्रसाद की पत्नी मीरा देवी ने डायल 112 को फोन कर घटना की सूचना दी। सूचना पर दरोगा संतोष कुमार बाजपेई व चालक पंकज तिवारी टीम समेत मौके पर पहुंचे।
पुलिस के अनुसार, विवाद कर रहे भाइयों को समझाने का प्रयास किया तो सब मारपीट पर अमादा हो गए। मामला बढ़ता देख पुलिस दोनों पक्षों को गाड़ी में बैठाकर थाने ले जाने लगी। भाइयों को थाने ले जाने का परिजन व ग्रामीण विरोध करने लगे। इसी बीच परिजनों व पुलिस में कहासुनी शुरू हो गई। गाड़ी में बैठा ग्रामीण वासुदेव गाड़ी से उतर गया तो पुलिस को लगा वह भाग रहा है।
इसी बीच पुलिस व ग्रामीणों के बीच हाथापाई होने लगी, जिसमें दरोगा के सिर व अंगूठे में चोट आई है, जबकि चालक व एक अन्य पुलिसकर्मी को मामूली चोटें आईं। डायल 112 के दरोगा की सूचना पर हरदी थानाध्यक्ष आरपी यादव दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। थानाध्यक्ष ने गुस्साए लोगों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। थानाध्यक्ष ने बताया कि घायल दरोगा की तहरीर पर छह नामजद व आठ अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुस् कर दी गई है। फरार आरोपियों की जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।
वासुदेव के बेटे अजय कुमार की शादी 24 मई को तय थी। बरात लखीमपुर जिले के पलिया जानी थी। सोमवार की सुबह भाइयों में हुए विवाद के दौरान पुलिस पर हमला करने के मामले में पुलिस वासुदेव को हिरासत में लेकर थाने चली गई। दूल्हा देर शाम तक पिता की रिहाई के लिए थाने का चक्कर काटता रहा। खबर लिखे जाने तक दूल्हे का पिता पुलिस की हिरासत में था।
भाइयों के बीच हो रहे विवाद को निपटाने गई पुलिस पर हमला करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष को निर्देश दिया गया है कि पुलिस पर हमला करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाए। पुलिस पर हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
- सुजाता सिंह, एसपी, बहराइच