रुपईडीहा (बहराइच)। पड़ोसी देश नेपाल में कोविड-19 महामारी के चलते लाकडाउन लगा हुआ है। बड़ी संख्या में लोग बेरोजगार हैं। इलाज के लिए ज्यादा तर मरीज भारत आते है। ऐसे में भारतीय मुद्रा की तस्करी भी तेजी से हो रही है। नेपाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक तस्कर के पास से 1.75 करोड़ भारतीय रुपये बरामद किए हैं।उसके पास से मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जिला प्रमुख बर्दिया पुलिस अधीक्षक ईश्वर कार्की ने बताया कि जांच के दौरान जानकारी मिली है कि कैलाली से राजापुर मार्ग पर तस्करी की जा रही है। पुलिस कर्मियों को अलर्ट किया गया। चेकिंग के दौरान टीकापुर नगर पालिका वार्ड नंबर एक के कैलाली निवासी गोपाल चौधरी को बर्दिया राजापुर नगर पालिका चार के सत्तीघाट से गिरफ्तार किया गया। उसके पास मौजूद बैग से 1.75 करोड़ रुपये बरामद किए गए। बाइक भी बरामद हुई है। एसपी ने बताया कि जांच.पड़ताल के लिए उसे बांके जिला के अंतर्देशीय राजस्व कार्यालय कोहलपुर में भेजा गया था। एसपी ने बताया कि तस्कर के पास इतनी भारतीय रकम कहां से आई, इसका भी पता लगाया जा रहा है।