बहराइच। खगईपुरवा गांव से राशन लेकर लौट रहे युवक की सरयू नदी पार करते समय डूबने से मौत हो गई। सोमवार सुबह युवक का शव नदी में उतराता हुआ पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। परिजनों को सूचना देने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खैरीघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा सिंह बेली गांव निवासी 17 वर्षीय प्रमोद कुमार पुत्र घूरे के घर का राशन दूसरे गांव खगईपुरवा गांव में मिलता है। खगईपुरवा गांव पहुंचने के लिए लोगों को सरयू नदी पार करनी पड़ती है। बताया जाता है कि नदी में पानी ज्यादा न होने के कारण लोग आसानी से नदी पार कर लेते हैं। रविवार को प्रमोद अपने घर का राशन लेने के लिए गया हुआ था, लेकिन देर शाम तक वह राशन लेकर घर नहीं लौटा तो परिजनों ने ढूंढना शुरू किया। काफी प्रयास के बावजूद युवक का कोई पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह शौच को जा रहे लोगों ने युवक का शव नदी में उतराता देखा। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना परिजनों व पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि जब युवक गया था तो नदी में पानी कम था, लेकिन जब वापस गांव आने के लिए नदी पार कर रहा था तो अचानक नदी में पानी बढ़ गया, जिस कारण युवक की डूबने से मौत हो गई। खैरीघाट थानाध्यक्ष ने बताया कि पंचनामा भरकर कार्रवाई की जा रही है।