बहराइच। कोरोना संक्रमण से पशु चिकित्सक व व्यवसायी की पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। प्रोटोकॉल के तहत शव का अंतिम संस्कार करवा दिया गया है। मृतकों के परिवारीजनों की जांच स्वास्थ्य टीम द्वारा की गई है।
कोतवाली नगर अंतर्गत शहर के मोहल्ला कानूनगोपुरा निवासी होटल व्यवसायी कैलाशनाथ शर्मा की पत्नी कमलेश शर्मा (65) कोरोना संक्रमित थीं। उनका इलाज मेडिकल कालेज के एल-1 अस्पताल में चल रहा था। रविवार को इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। प्रोटोकॉल के तहत शव का अंतिम संस्कार करवा दिया गया है। उधर शहर के मोहल्ला नाजिरपुरा निवासी मेराज खां (53) गोंडा रोड स्थित मेडिकाना अस्पताल में भर्ती थे। परिवार के मुताबिक मेराज कोरोना संक्रमित थे। ऑक्सीजन लेवल कम होने से उनकी मौत हो गई।
सुजौली में पशु अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. अमरनाथ कटियार कोरोना संक्रमित थे। उनका इलाज लखीमपुर में चल रहा था। शनिवार देर रात को पशु चिकित्सक की मौत हो गई। पशु चिकित्सक की मौत से कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग के वनकर्मियों में शोक है। मृतकों के परिवारीजनों का स्वास्थ्य टीम द्वारा जांच किया गया है।