बहराइच। वजीरपुर गांव में प्रधानी जीतने के बाद हारे प्रत्याशी के घर के सामने जश्र मनाने को लेकर खूब बवाल हुआ। पत्थर भी चले।
दरगाह थाना क्षेत्र में वजीरपुर गांव स्थित है। बताया जाता है कि यहां पर एमएलसी इमलाक खां के भाई मोहम्मद नईम प्रधानी का चुनाव लड़ रहे थे। काउंटिंग के दौरान वह जीत गए। चुनाव जीतने के बाद वह सोमवार को अपने समर्थकों के साथ घर पहुंचे। आरोप है कि हारे हुए प्रत्याशी लल्लन के घर के सामने सब जीत का जश्र मनाने लगे। आतिशबाजी करने लगे। जब इसका विरोध लल्लन ने किया तो सब मारपीट पर आमादा हो गए और बात बढ़ते ही पथराव कर दिए। जिसमें लल्लन को गंभीर चोटे आई और अन्य लोगों को मामूली चोटे आई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना डायल 112 को दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। हारे हुए प्रत्याशी को चोट आने से नाराज परिजन व समर्थक सोमवार शाम को डीएम आवास पहुंचकर घेराव किया और प्रदर्शन किया। मामला बढ़ता देख नगर कोतवाल निखिल श्रीवास्तव, महिला थानाध्यक्ष मंजू पांडेय व सीओ सिटी विनय द्विवेदी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। सीओ ने बताया कि मामले की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी। इन लोगों ने भी लॉकडाउन का उल्लंघन किया है। इनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया जाएगा। कानून से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।