बहराइच। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मतगणना के दौरान जीत-हार को लेकर जरवल में दो प्रत्याशियों के समर्थक आपस में भिड़ गए। दोनों समर्थकों के बीच जमकर लात-घूंसे चले। लगभग आधे घंटे तक मारपीट व हंगामा होता रहा। आरोप है कि सूचना के बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। मारपीट में लगभग आठ लोग चोटहिल हुए है। दो को चोटें अधिक लगने के कारण इलाज कराकर घर भेज दिया गया है।
जरवलरोड थाना क्षेत्र के एकलव्य महाविद्यालय में काउंटिंग की प्रक्रिया रविवार को हो रही थी। दोपहर में मतगणना के दौरान दो प्रत्याशियों के समर्थक काउंटिंग स्थल के बाहर लगभग पांच सौ मीटर दूर खेत में आपस में कहासुनी करने लगे। समर्थक अपने प्रत्याशी की जीत-हार को लेकर भिड़ गए। दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच जमकर मारपीट हुई। दोनों के बीच खूब लात-घूंसे चले। इसी दौरान किसी ने वीडियो बना लिया। अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जरवलरोड थानाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने बताया कि वह कैसरगंज में मतगणना ड्यूटी मेें लगे हैं। ऐसी कोई जानकारी नहीं है। शिकायत आएगी तो मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।