बहराइच। पंचायत चुनाव को सकुशल निपटाने के लिए पुलिस अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई कर रही है। मटेरा पुलिस ने थाना क्षेत्र के विभिन्न गांव निवासी दो हजार लोगों को पाबंद किया है। अग्रिम कार्रवाई के लिए सभी के कागजात एसडीएम कार्यालय भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से लोगों में हड़कंप है।
जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 29 अप्रैल को है। पंचायत चुनाव सकुशल निपटाने के लिए पुलिस की ओर से कार्रवाई की जा रही है। मटेरा थानाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के विभिन्न गांव निवासी दो हजार लोगों को पाबंद किया गया है। इन सभी से क्षेत्र में शांतिभंग के साथ पंचायत चुनाव में खलल की संभावना थी। ऐसे में इन सभी के विरुद्ध पाबंद करते हुए रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। इन सभी को एसडीएम कोर्ट से जमानत करानी होगी। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर क्षेत्र के लोगों में हड़कंप की स्थिति है। थानाध्यक्ष ने बताया कि जिनके द्वारा पंचायत चुनाव में व्यवधान उत्पन्न किया जाएगा। उनके विरुद्ध पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।