बहराइच। नगर कोतवाली में दुर्लभ वन्यजीव निकलने से पुलिस कर्मी सहम गए। सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी गई। मौके पर वन विभाग व प्रकृति परिवार की वाइल्ड लाइफ एक्शन टीम मौके पर पहुंची। वन्य जीव को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया है। वन दरोगा अमित वर्मा ने बताया कि दो दिन पहले आपातकालीन रिस्पॉन्स नंबर पर फोन के माध्यम से सूचना मिली कि नगर कोतवाली में एक दुर्लभ वन्य जीव देखा गया है। उन्होंने बताया कि बहराइच वन प्रभाग व प्रकृति परिवार की पांच सदस्यीय वाइल्ड लाइफ एक्शन टीम मौके पर पहुंची। कोतवाली में निकले सिवैट कैट (कवर बिज्जू) को पकड़ा गया।
प्रकृति परिवार के प्रमुख व थ्रीजी के प्रबंध निदेशक अर्चित मिश्रा ने बताया कि सिवैट कैट बहुत ही शर्मीला वन्यजीव है, जिसके बारे में लोगों की बहुत गलत धारणाएं हैं। यह अक्सर पेड़ों पर व जंगल की झाड़ियों में पाया जाता है। यह संरक्षित जीव है। उसके स्वास्थ्य की जांच कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया है। डीएफओ बहराइच मनीष सिंह ने बताया कि बिज्जू वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की अनुसूची-1 के भाग एक में रखा गया संरक्षित जीव है। इसकी रक्षा हमारा कर्तव्य है। टीम में दैनिक श्रमिक विनोद यादव, पिंटू व मनीष शामिल रहे।